फुलवरिया के खोलाईया टोला में पुलिस की छापेमारी, 78 ग्राम से अधिक संदिग्ध पदार्थ बरामद
राजमहल/साहिबगंज। संवाददाता। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच राजमहल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर फुलवरिया के खोलाईया टोला में छापेमारी कर MDMA जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद पदार्थ का कुल वजन करीब 78.30 ग्राम बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, साहिबगंज एसपी को सूचना मिली थी कि खोलाईया टोला में अवैध मनोउत्तेजक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम शेख अली शेख, निवासी खोलाईया टोला, फुलवरिया, थाना राजमहल बताया।
दो तरह के संदिग्ध पदार्थ बरामद:
तलाशी के दौरान पारदर्शी प्लास्टिक में रखा 69.24 ग्राम सफेद रंग का MDMA जैसा पदार्थ तथा 9.06 ग्राम हल्के भूरे रंग का MDMA जैसा पदार्थ बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने 60 छोटे पैकेट और एक डिजिटल तराजू भी जब्त किया है। बरामद पदार्थों की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि जांच के बाद होगी।
नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई:
गौरतलब है कि साहिबगंज जिले में पिछले कुछ समय से अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। राजमहल, राधानगर, रांगा सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



