साइबर अपराध पर निगरानी होगी तेज, आईटी विशेषज्ञों की टीम संभालेगी मोर्चा
साहिबगंज। संवाददाता। जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साहिबगंज पुलिस की ओर से महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। 30 अगस्त से पुलिस लाइन स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साइबर सेल का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए एसपी कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर में कमरा चिन्हित कर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
एसपी अमित कुमार सिंह ने बताया कि साइबर सेल के नोडल पदाधिकारी के रूप में मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव को जिम्मेदारी दी गई है। सेल में दो एएसआई, एक कंप्यूटर ऑपरेटर और एक साइबर एक्सपर्ट को शामिल किया गया है। आईटी एवं साइबर तकनीक की जानकारी रखने वाले पुलिसकर्मियों की मदद से सेल को संचालित किया जाएगा।
ऑनलाइन ठगी से सोशल मीडिया अपराध तक होगी निगरानी:
साइबर सेल के माध्यम से जिले में होने वाले साइबर अपराधों पर नियमित निगरानी रखी जाएगी। किसी व्यक्ति के बैंक खाते से ऑनलाइन ठगी के जरिए राशि निकाले जाने, सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने, आपत्तिजनक पोस्ट या अन्य साइबर अपराध से संबंधित मामलों में पुलिस तकनीकी स्तर पर कार्रवाई करेगी। इससे पीड़ितों को शिकायत के लिए दूसरे जिलों पर निर्भरता भी कम होगी।
एसपी कार्यालय पहुंचने वाले पीड़ितों को मिलेगी सुविधा :
साइबर अपराध से संबंधित शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचने वाले फरियादियों के आवेदनों की जांच साइबर सेल के माध्यम से कराई जाएगी। विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज साइबर अपराध के मामलों के अनुसंधान में भी सेल तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा। पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए मामलों का जल्द तकनीकी विश्लेषण और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। एसपी ने लोगों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने तथा संदिग्ध लिंक, कॉल और ऑनलाइन लेनदेन से सावधानी बरतने की अपील की है।



