साहिबगंज। उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सोती चौकी पांगड़ो में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर छात्रों में आक्रोश के बीच कोकरोज जनता पार्टी (सीजेपी) ने ‘स्कूल ठीक करो आंदोलन’ के तहत विद्यालय का निरीक्षण किया। झारखंड कोऑर्डिनेटर आशुतोष रंजन के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय प्रबंधन से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली।
छात्रों ने बताया कि हाल में वे जिला समाहरणालय पहुंचकर अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत करा चुके हैं। परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं कराने सहित शिक्षकों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी का भी आरोप लगाया गया।
आशुतोष रंजन ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने प्रशासन से पर्याप्त शिक्षक, बेहतर पठन-पाठन और परीक्षा की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। प्रतिनिधिमंडल में पूजा यादव, राजकुमार दास और सूरज हांसदा शामिल थे। कार्यकर्ता वीरू ने बच्चों को संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी।



