उधवा। प्रखंड के पीएम श्री आतापुर हाई स्कूल में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद पर एक ही व्यक्ति के लगातार तीसरी बार चयन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी उधवा को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि पीएम श्री आतापुर हाई स्कूल में करीब 800 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इसके बावजूद सत्यजीत सरकार को लगातार तीसरी बार एसएमसी अध्यक्ष चुने जाने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या विभागीय नियमों के तहत किसी एक व्यक्ति को लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर चयनित किए जाने का प्रावधान है।आवेदन में 19 अगस्त को हुए एसएमसी चयन को लेकर आरक्षण व्यवस्था में कथित छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि एसएमसी गठन के दौरान निर्धारित नियमों और आरक्षण प्रावधानों का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी जांच आवश्यक है।ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने विभाग से एसएमसी गठन की पूरी प्रक्रिया, चयन के दौरान हुई बैठक, बैठक की कार्यवाही तथा अध्यक्ष के चयन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में वर्तमान चयन विभागीय नियमों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो चयन को रद्द कर नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से दोबारा चुनाव कराया जाए अथवा एसएमसी का पुनर्गठन किया जाए। पारदर्शी प्रक्रिया से समिति का गठन होने पर अन्य योग्य अभिभावकों को भी प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा और विद्यालय प्रबंधन समिति की कार्यप्रणाली में अभिभावकों का विश्वास मजबूत होगा। आवेदन की प्रतिलिपि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं उपायुक्त को भी भेजी गई है।



