साहिबगंज। मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के तहत साहिबगंज जिले के 1,40,349 लाभुकों के बैंक खातों में अगस्त 2026 की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। प्रत्येक लाभुक के खाते में एक हजार रुपये की राशि भेजी गई। इस मद में कुल 15 करोड़ 15 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान किया गया।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के माध्यम से जिले के पात्र लाभुकों को नियमित रूप से पेंशन का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। अगस्त माह में मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 11,142, निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के 17,284, वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,01,684, स्वामी विवेकानंद निःशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 10,044 तथा एचआईवी/एड्स पेंशन योजना के 195 लाभुकों को राशि उपलब्ध कराई गई।
जिला प्रशासन का उद्देश्य वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजनों, आदिम जनजाति समुदाय एवं HIV/AIDS से प्रभावित पात्र लोगों को आर्थिक सहायता देकर सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में राशि भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुगमता और समयबद्धता सुनिश्चित हो रही है।



