सावन महोत्सव में उमड़ा उत्साह, हरे-लाल परिधानों में सजी महिलाओं ने लगाए नृत्य-गीत के रंग
साहिबगंज। सावन माह के पवित्र अवसर पर अखिल भारतीय उमर वैश्य समाज की जिला महिला समिति की ओर से जिला परिषद के उत्सव बैंक्वेट हॉल में भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहर की प्रमुख महिला चिकित्सक डॉ. स्नेहलता कुमारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान महिला समिति की जिलाध्यक्ष कंचन देवी, सचिव पिंकी मोदी एवं संगठन महामंत्री शालिनी गुप्ता ने भी संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित किया। इससे पूर्व डॉ. स्नेहलता कुमारी का तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ भेंटकर एवं रक्षासूत्र बांधकर स्वागत किया गया।

गणेश वंदना से शुरुआत, गीत-संगीत और प्रतियोगिताओं ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना नृत्य से हुई। इसके बाद महिलाओं ने सावन के पारंपरिक गीतों पर नृत्य और गायन की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। हरे और लाल रंग की साड़ियों में सज-धजकर पहुंची सैकड़ों महिलाओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। महिलाओं के लिए चेयर गेम, नृत्य, गायन समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जबकि बच्चों के लिए भी मनोरंजन एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
महिला समिति की अध्यक्ष कंचन देवी ने कहा कि समिति द्वारा लगातार दूसरी बार सावन महोत्सव आयोजित किया जा रहा है और इस बार महिलाओं की भागीदारी पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रही।
सचिव पिंकी गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एकजुट करने के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ते हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. स्नेहलता कुमारी ने आयोजन को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को आगे बढ़ने, जागरूक होने और समाज के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम में महिला समिति की अध्यक्ष कंचन देवी, सचिव पिंकी मोदी, संगठन मंत्री सारिनी गुप्ता के अलावे ज्योति, सीमा, गुड़िया देवी, खुशबू देवी, पूनम देवी, अनीता, सबिता, रूपा समेत समिति की अन्य पदाधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।



