उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र की अमानत दियारा पंचायत के 26 वर्षीय मजदूर निताय साहा की तमिलनाडु के कोयंबटूर रेलवे स्टेशन के समीप चलती ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। वह मजदूरी करने के लिए केरल जा रहा था। मृतक की पहचान भारत साहा के पुत्र निताय साहा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार निताय साहा बीते मंगलवार को अपने घर से मजदूरी करने के लिए केरल रवाना हुआ था। शुक्रवार की रात तमिलनाडु के कोयंबटूर रेलवे स्टेशन के समीप वह ट्रेन के गेट पर खड़ा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद शव को एंबुलेंस के माध्यम से पैतृक गांव अमानत दियारा लाया जा रहा है।परिजनों के अनुसार मंगलवार तक शव के गांव पहुंचने की संभावना है। युवक की मौत की खबर मिलते ही अमानत दियारा गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, निताय की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।



