साहिबगंज: देशभर के साथ साहिबगंज जिले में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। शहर के मुख्य समारोह स्थल सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह सहित जिले के तमाम वरीय पदाधिकारी, पुलिस जवान, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में शहरवासी एवं जिलावासी मौजूद रहे।
ध्वजारोहण से पहले वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। इसके बाद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के दौरान पूरा स्टेडियम सम्मान में खड़ा रहा और देशभक्ति के भाव से वातावरण गूंज उठा।
परेड में एनसीसी गर्ल्स ने मारी बाजी:

मुख्य समारोह में आयोजित मार्च-पास्ट में साहिबगंज कॉलेज महिला एनसीसी कैडेट्स ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्रामीण पुलिस पुरुष दूसरे और संत जेवियर्स स्कूल अंग्रेजी माध्यम की छात्राएं तीसरे स्थान पर रहीं। विजेता टीमों को डीसी, एसपी एवं अन्य अधिकारियों ने पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
प्रभात फेरी में संत जेवियर्स स्कूल प्रथम:
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित प्रभात फेरी में संत जेवियर्स स्कूल अंग्रेजी माध्यम प्रथम, राजस्थान मध्य विद्यालय द्वितीय तथा सीएम एक्सीलेंस पोखरिया विद्यालय तृतीय स्थान पर रहा। सभी विजेता विद्यालयों को मुख्य समारोह स्थल पर पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान:
समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए भी कई लोगों को सम्मानित किया गया। रक्तदान के क्षेत्र में प्रशांत शेखर तथा कला के क्षेत्र में टेराकोटा के मशहूर कलाकार श्याम विश्वकर्मा और अमृत प्रकाश समेत अन्य लोगों को अंगवस्त्र एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
डीसी ने गिनाईं जिले की विकास योजनाएं:
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहिबगंज जिले में चौमुखी विकास को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को प्रतिमाह ₹2,500 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए रोजगारपरक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उपायुक्त ने किसानों को फसल बीमा के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक किसानों से फसल बीमा कराने की अपील की, ताकि प्राकृतिक आपदा या फसल क्षति की स्थिति में उन्हें नियमानुसार आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जिले में नई एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है, ताकि इसका सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जा सके।
देशभक्ति के नारों से गूंजा स्टेडियम:
समारोह के दौरान परेड, राष्ट्रगान और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने जिलेवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और विकास के प्रति नई ऊर्जा का संदेश दिया।



