उधवा। उधवा प्रखंड सभागार में गुरुवार को “विकसित भारत–G RAM G” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी जयंत कुमार तिवारी ने की। कार्यशाला में प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक सहित प्रखंड के कर्मी मौजूद रहे।कार्यशाला के दौरान बताया गया कि झारखंड में विकसित भारत–G RAM G के तहत कुल 57 योजनाओं को स्वीकृति मिली है। इस दौरान ग्रामीण रोजगार, आजीविका संवर्धन, कृषि, स्वच्छता, कौशल विकास तथा सशक्त पंचायत के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बीडीओ जयंत कुमार तिवारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मियों और जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने सभी संबंधित प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने आगामी 15 अगस्त को सभी पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामसभा में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। ग्रामसभा के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ ग्रामीण आवश्यकताओं के आधार पर योजनाओं की प्राथमिकता तय करने पर विशेष जोर दिया गया।बीडीओ ने सड़क निर्माण, महिला उत्थान सहित ग्रामसभा में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों को संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन और सरकारी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मी निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख स्टेनशिला सोरेन, उप प्रमुख मामलोत शेख, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक एवं अन्य प्रखंडकर्मी उपस्थित थे।




