फर्जी दस्तावेज बनाने की सामग्री बरामद, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी
बरहेट/साहिबगंज: बरहेट थाना क्षेत्र के बास्को पहाड़ में पुलिस ने धोखाधड़ी एवं कथित फर्जीवाड़े के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बास्को पहाड़ जंगल में कुछ लोग फर्जी दस्तावेज तैयार करने का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी में सामग्री बरामद:
कार्रवाई के दौरान बरहेट संथाली बाबूपुर टोला निवासी शाहनवाज आलम, नूर अंसारी और गुलजार अंसारी को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उनके पास से कुछ धातु एवं कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। पूछताछ में छह लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार डीआरडीओ के नाम पर भी कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे।
तीन अन्य की तलाश:
मामले में बरहेट थाना कांड संख्या 106/26 दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।




