छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में नारेबाजी, सीबीआई जांच की मांग :
उधवा। संवाददाता। रांची में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक एवं छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने उधवा में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान और साहिबगंज जिलाध्यक्ष गौतम यादव के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़े मामलों की सीबीआई जांच कराने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल की मांग:
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। मौके पर धनंजय कुमार मंडल, ललन कुमार राय, प्रताप राय, सुनील प्रमाणिक, शिवानंद कुमार, पिंटू घोष, मनोज कुमार ठाकुर सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: एक साल से लो-वोल्टेज की समस्या, 200 घरों में छाया अंधेरा




