मच्छर नियंत्रण, पेयजल, जल निकासी और कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
राजमहल। संवाददाता। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्र के विकास, नागरिक सुविधाओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उपाध्यक्ष मो. मारूफ, सभी वार्ड पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, नगर प्रबंधक, कनीय अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी वार्डों में एंटी-लार्वा का छिड़काव और नियमित फॉगिंग कराने का निर्णय लिया गया। वहीं वार्ड संख्या 01 एवं 04 में डीप बोरिंग आधारित जलापूर्ति योजना शुरू करने पर सहमति बनी।
नालियों की मरम्मत और सोखपिट का होगा निर्माण:
जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार नालियों की मरम्मत, खुले नालों को ढकने के लिए स्लैब निर्माण तथा चापानल के पास चबूतरा एवं सोखपिट बनाने का निर्णय लिया गया। प्रशासनिक व्यवस्था और कार्यालय की सुरक्षा के लिए नगर पंचायत के सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा नगर भवनों की बुकिंग से पहले सुरक्षा जमा राशि लेने का भी निर्णय हुआ।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने किया सड़क जाम




