भोजन, पेयजल और प्राथमिक उपचार की सुविधा से श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
बरहेट/साहिबगंज। आवाज प्रतिनिधि। रविवार को बरहेट बाजार स्थित शिवगादी चौक पर झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता पप्पू कुमार भगत के आवास पर नि:शुल्क कांवरिया सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेंब्रम, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी, जिला संगठन सचिव छवि हेंब्रम एवं प्रखंड उपप्रमुख रुपक कुमार साह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
कांवरियों के लिए भोजन-पानी और उपचार की व्यवस्था:
शिविर में शिवगादी धाम जाने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन, पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। उद्घाटन के दौरान अतिथियों ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में कांवरियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने आयोजकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा शिविरों से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलती है। आयोजकों ने बताया कि शिविर में कांवरियों की जरूरत के अनुसार अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मौके पर झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।




