राजमहल/संवाददाता। राजमहल थाना क्षेत्र के मटियाल चहरवाहा स्थित वार्ड नंबर 12 में रविवार को दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर समीउल शेख की करंट लगने से मौत हो गई। वह मटियाल निवासी मुख्तार शेख का पुत्र था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पेड़ पर चढ़कर पतंग निकाल रहा था किशोर
जानकारी के अनुसार समीउल दोस्तों के साथ घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान उसकी पतंग पास के पेड़ में फंस गई। पतंग निकालने के लिए वह पेड़ पर चढ़ गया। इसी दौरान पेड़ के बेहद करीब से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और पेड़ पर ही लटक गया। ग्रामीणों ने उसे नीचे उतारा और आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा:
सूचना मिलते ही राजमहल थाना के एसआई एसके तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद केताबुद्दीन शेख और वार्ड पार्षद राजू सरकार भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने आवासीय क्षेत्र और पेड़ों के समीप से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तारों को लेकर चिंता जताई है। लोगों ने विद्युत विभाग से तारों की जांच, आवश्यक सुरक्षा उपाय और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।




