सोक्सा और सूर्या हेल्थ एजुकेशनल ट्रस्ट के संयुक्त आयोजन में 30 यूनिट रक्त संग्रहित
साहिबगंज। संवाददाता। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर साहिबगंज स्थित संत जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल के सभागार में साहिबगंज ओल्ड जेवेरियन एसोसिएशन (सोक्सा) एवं सूर्या हेल्थ एजुकेशनल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसओएक्सए के अध्यक्ष फादर अरुल डोस, सचिव डॉ. सुमित कुमार, फादर जोश (रेक्टर), सूर्या हेल्थ एजुकेशनल ट्रस्ट के मुख्य न्यासी डॉ. विजय कुमार एवं डॉ. मोहन मुर्मू सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
30 यूनिट रक्त स्वास्थ्य विभाग को समर्पित:
शिविर में कुल 30 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर 30 यूनिट रक्त स्वास्थ्य विभाग को समर्पित किया। आयोजकों ने कहा कि रक्त किसी कारखाने में तैयार नहीं होता, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान बेहद महत्वपूर्ण है। संग्रहित रक्त थैलेसीमिया, डेंगू, दुर्घटना में घायल मरीजों, गंभीर रक्ताल्पता, प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों तथा अन्य जरूरतमंद रोगियों के उपचार में उपयोगी साबित हो सकता है।

रक्तदान से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश:
सोक्सा के सचिव डॉ. सुमित कुमार ने बताया कि एसओएक्सए, भारत के जेसुइट एलुमनाई एसोसिएशंस ऑफ इंडिया का हिस्सा है। संस्था की ओर से प्रत्येक वर्ष इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी कड़ी में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर साहिबगंज में रक्तदान शिविर लगाया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से पहले प्रत्येक रक्तदाता की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाती है, उसके बाद ही रक्तदान कराया जाता है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और जरूरत के समय किसी मरीज का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
शिविर में शांतानु सिन्हा, रजनीकांत, रविशंकर प्रसाद यादव, ऋषभ कुमार शर्मा, ममता कुमारी, ज्योति शर्मा, अभिषेक कुमार सिंह, हेमंत राज, जगदीश प्रसाद, पंडित रामानंद पासवान, पंकज कुमार, सुमन, ओमप्रकाश चतुर्वेदी सहित कुल 30 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के सत्येंद्र कुमार, रक्त अधिकोष के कर्मी मोहम्मद अजहर सहित अन्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




