उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के पूर्वी प्राणपुर पंचायत में कथित रूप से नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और सेवन को लेकर शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विरोध जताया। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस अवैध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अंकुश लगाने की मांग की है। मुखिया अताउर रहमान, वार्ड सदस्य कलीमुद्दीन शेख, हफीजुर शेख, रफीक शेख, रोबिउल शेख, हमीदुल शेख ने बताया कि पूर्वी प्राणपुर पंचायत के गंगा तट के आसपास देर रात कथित रूप से एमडीएमए समेत अन्य नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और सेवन की गतिविधियां संचालित होती हैं। इस नशे की चपेट में केवल युवा ही नहीं बल्कि कुछ बुजुर्ग भी आ रहे हैं, जिससे कई परिवारों का सामाजिक और आर्थिक संतुलन बिगड़ता जा रहा है। बताया कि नशे की बढ़ती लत के कारण कई परिवार गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। आगे बताया कि एमडीएमए का पांच ग्राम का एक पाउच करीब 15 हजार रुपये में बेचा जाता है। उनका कहना है कि नशा करने वाले कई लोग इसे रजनीगंधा गुटखा में मिलाकर सेवन करते हैं, जिससे इसकी लत और भी तेजी से लोगों को अपनी गिरफ्त में ले रही है। कई लोग अपनी मेहनत की कमाई नशे में खर्च कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने घर की कीमती वस्तुएं तक बेच दी हैं। इसके कारण परिवारों में आर्थिक संकट, तनाव और घरेलू विवाद लगातार बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि समझाने-बुझाने के बावजूद नशे के आदी लोग अपनी आदत छोड़ने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि यह नशा लोगों की जिंदगी को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। कई परिवार बर्बादी के कगार पर पहुंच चुके हैं और क्षेत्र का सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है। नशे की लत के कारण कई लोगों की असामयिक मौत होने की भी चर्चा है। राधानगर पुलिस द्वारा पूर्व में नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाकर कई आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बावजूद कथित रूप से अवैध कारोबार पूरी तरह बंद नहीं हो सका है। वही ग्रामीणों ने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने की मांग की है।




