रात में लगी आग से लाखों की संपत्ति स्वाहा, पीड़ितों ने प्रशासन से लगाई मुआवजे की गुहार
उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तर बेगमगंज पंचायत अंतर्गत फुटानी बाजार में गुरुवार देर रात भीषण अग्निकांड में दो किराना दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दोनों दुकानों में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान धू-धू कर जल गया। घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। पीड़ित दुकानदार दिपेन मंडल ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 12:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि फुटानी बाजार स्थित उनकी किराना दुकान में अचानक आग लग गई है। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी दुकान के साथ-साथ उनके भाई भूपेंद्र मंडल की किराना दुकान भी आग की चपेट में आ चुकी थी। दोनों दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।अग्निकांड में दुकानों में रखी दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री एवं अन्य व्यापारिक सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। आग में आटा, चावल, दाल, मैदा, सरसों तेल, वनस्पति तेल, चीनी, सर्फ, साबुन, एक फ्रिज, पंखा, नायलॉन रस्सी, मछली पकड़ने का जाल, सूता सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के अनुसार इस घटना में करीब छह से सात लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।दिपेन मंडल ने बताया कि आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। शॉर्ट सर्किट, चिंगारी अथवा अन्य किसी कारण से आग लगी, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने मामले की सूचना राधानगर थाना को देते हुए सनहा दर्ज कराया है तथा घटना की जांच कराने की मांग की है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार कुछ ही देर में राख में तब्दील हो गया। पीड़ितों ने प्रशासन से उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।




