साहिबगंज। शहर के मछुआ सोसायटी में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नगर अध्यक्ष आदित्य यादव की अध्यक्षता में अमर शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने निर्मल महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्ष, विचारों एवं झारखंड आंदोलन में योगदान को याद किया।
जिलाध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंड की पहचान, अधिकार और स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने वंचित एवं शोषित वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाते हुए झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं नगर अध्यक्ष आदित्य यादव ने कहा कि निर्मल महतो का संघर्ष और बलिदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों और आदर्शों पर चलकर मजबूत एवं न्यायपूर्ण झारखंड का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया। मौके पर बबलू मिश्रा, अमरदीप सिंह, नमन अंसारी, मजहर खान, वारिश अनवर, गोपाल मंडल, अभिषेक यादव, दीपा देवी, सरिता देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




