बरहेट/साहिबगंज। शिवगादी धाम में गुरुवार को साहिबगंज जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार के मार्गदर्शन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में उपस्थित शिवभक्तों एवं स्थानीय लोगों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं विधिक प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा, अंधविश्वास, महिला प्रताड़ना, बच्चा चोरी की अफवाहों से उत्पन्न होने वाली घटनाओं, छोटे-छोटे विवादों के कानूनी समाधान तथा निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों से कानून का पालन करने, अफवाहों से बचने और किसी भी समस्या की स्थिति में कानूनी सहायता लेने की अपील की गई।
इस अवसर पर पीएलवी प्रकाश मरांडी, सुनील मुर्मू, सौरभ मोदी, मोहन हांसदा, मनवेल सोरेन, नरेश सोरेन, बाबूलाल मरांडी, लुकास सोरेन सहित शिवगादी प्रबंध समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




