बरहेट/साहिबगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहेट में बुधवार को प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में अस्पताल प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्था की जानकारी दी और आवश्यक सुझावों पर शीघ्र अमल का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान आयोजित लघु रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्थानीय लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिसमें कुल चार यूनिट रक्त संग्रहित हुआ। इस अवसर पर अधिकारियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
बैठक के बाद प्रखंड प्रमुख ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय व्यवस्था तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल प्रबंधन को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।




