सीबीआई जांच, लंबित छात्रवृत्ति भुगतान और कॉलेज सीटें बढ़ाने समेत छह सूत्री मांगों को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
साहिबगंज। संवाददाता। जेपीएससी एवं जेएसएससी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, लंबित छात्रवृत्ति, कल्याण छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था तथा साहिबगंज महाविद्यालय में स्नातक नामांकन सीटों में की गई कटौती के विरोध में बुधवार को झारखंड स्टूडेंट कोऑर्डिनेशन कमिटी (जेएससीसी) के बैनर तले छात्रों ने जनआक्रोश महारैली निकाली। आदिवासी छात्रावास के छात्रनायक अमित हांसदा के नेतृत्व में आयोजित रैली में विभिन्न छात्र संगठनों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर, पोस्टर और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की उठाई मांग:

रैली साहिबगंज महाविद्यालय से शुरू होकर पटेल चौक, गांधी चौक, एलसी रोड, बादशाह चौक, सब्जी मंडी, स्टेशन रोड, कॉलेज रोड, पूर्वी फाटक, सुभाष चौक होते हुए समाहरणालय पहुंची। इस दौरान छात्रों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के अभाव, कथित भ्रष्टाचार, प्रश्नपत्र लीक, अनियमितताओं तथा भर्ती प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों के कारण राज्य के हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिले और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी होनी चाहिए।
छह सूत्री मांगपत्र सौंपा:
समाहरणालय पहुंचने के बाद छात्रों ने धरना-प्रदर्शन किया और राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को छह सूत्री मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय, लंबित छात्रवृत्ति का 15 दिनों के भीतर भुगतान, कल्याण छात्रावासों में भोजन, पेयजल, बिजली, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा साहिबगंज महाविद्यालय में स्नातक नामांकन सीटों में की गई कटौती वापस लेने की मांग की गई। छात्रों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। मौके पर पूर्व छात्रनेता मनोहर टुडू, छोटेलाल पासवान, सोनू कुमार दास, रंजन कुमार, बाबूधन, रितेश मंडल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




