वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशनधारियों ने जल्द भुगतान की उठाई मांग, अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
बोरियो/साहिबगंज। वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं मईया सम्मान योजना की लंबित राशि के भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को विभिन्न गांवों के दर्जनों लाभुक बोरियो प्रखंड कार्यालय पहुंचे। लाभुकों ने बताया कि कई महीनों से उनके बैंक खातों में योजना की राशि नहीं आई है, जिससे उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रखंड कार्यालय पहुंचे लाभुकों में पंडन माको गांव की मैसा पहाड़िया (60 वर्ष), धोगौड़ा गांव की छोटी जावरी (70 वर्ष), कोलखा गांव की तहुरान नेशा, दनवार गांव की जामिरान नेशा सहित कई अन्य लाभुक शामिल थे। उन्होंने कहा कि पेंशन और मईया सम्मान योजना की राशि समय पर नहीं मिलने से दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है।
प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों ने लाभुकों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित राशि के भुगतान की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।




