बरहरवा: फरक्का मुख्य पथ पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्वजनों में मातम छा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के पहाड़गांव निवासी असरफ शेख (18 वर्ष), पिता हाकिम शेख, बाकई टोला निवासी शाहिद शेख (22 वर्ष), पिता खलील शेख तथा सनाउल शेख (35 वर्ष), पिता उजिर शेख एक ही बाइक पर सवार होकर बरहरवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत केचुआ पुल के समीप सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सनाउल शेख की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि असरफ शेख और शाहिद शेख गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेज दिया है। घटना के संबंध में पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।




