उधवा। प्रखंड क्षेत्र के चांदशहर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-5 में इनाम शेख के घर से अतरूल शेख के घर तक जाने वाली सड़क बदहाली की कहानी बयां कर रही है। वर्षों से जर्जर पड़ी यह सड़क आज ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क पर जमा कीचड़ और गंदे पानी के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी भयावह हो जाती है। जगह-जगह कीचड़ एवं जलजमाव के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। कई बार राहगीर और बाइक सवार फिसलकर गिर चुके हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। कीचड़ से सनी सड़क पार करना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर हमेशा गंदा पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थिति ऐसी है कि घर से बाहर निकलने के बाद लौटते समय लोगों को बार-बार अपने पैर धोने पड़ते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद इस सड़क का निर्माण हुआ था, वर्तमान में यह सड़क अपनी बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त सड़क के निर्माण के लिए जिला परिषद सदस्य सहनारा बीबी की निधि से टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।




