बरहेट के प्लस टू एसएसडी हाई स्कूल में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई परीक्षा, अधिकारियों ने लिया जायजा
बरहेट/साहिबगंज: बरहेट प्रखंड स्थित प्लस टू एसएसडी हाई स्कूल परीक्षा केंद्र में शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 343 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 234 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 109 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर केंद्र पर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। दंडाधिकारी निशिकांत प्रसाद ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक बीओ तरुण कुमार घाटी, बीपीओ समीर कुमार मुर्मू एवं केंद्र अधीक्षक मोहम्मद इस्माइल परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संभालते नजर आए।
बीडीओ ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
इस दौरान बीडीओ अंशु कुमार पांडेय ने भी परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बरहेट थाना के एएसआई विक्रम कुमार पुलिस बल के साथ केंद्र पर तैनात रहे। कुल मिलाकर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।



