ट्रैक्टर के नीचे दबने से बाइक सवार महिला की मौके पर मौत, चालक गिरफ्तार
बरहेट/साहिबगंज। बरहेट थाना क्षेत्र के कुसमा गांव में शनिवार को पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब राजापानी गांव की ओर से बरहेट आ रहा एक ट्रैक्टर विपरीत दिशा से आ रही बाइक की चपेट में आ गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मेटर मांझीटोला गांव निवासी सुरजी पहाड़ीन अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर ससुराल चुकलीबेडो गांव से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान कुसमा गांव के समीप उसका चादर ट्रैक्टर में फंस गया। इससे वह बाइक से नीचे गिर पड़ी और ट्रैक्टर के नीचे दब गई। हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना पहुंचाया। वहीं, ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।



