विकास योजनाओं की डीडीसी ने की समीक्षा, स्कूलों में कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी
उधवा। उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा राय ने शनिवार को उधवा प्रखंड की उत्तर पियारपुर पंचायत का दौरा कर विभिन्न सरकारी विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अबुआ आवास योजना समेत अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की और संबंधित लाभुकों से योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। वहीं, योजना के तहत निर्मित आवास का निरीक्षण कर लाभुकों को गृह प्रवेश भी कराया। पंचायत भ्रमण के दौरान डीडीसी ने दियारा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का भी औचक निरीक्षण किया। इस क्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय पियारपुर की शैक्षणिक व्यवस्था में कई कमियां सामने आईं। विद्यालय में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। साथ ही शिक्षकों को फटकार लगाते हुए शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार लाने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीडीसी ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत भी दी।मौके पर बीडीओ जयंत कुमार तिवारी, मुखिया आजाद शेख, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक हारून रशीद समेत अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।



