CM हेमंत सोरेन ने SIR, MMDR संशोधन और अनुदान के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि अनुदान राज्य का अधिकार है, भीख नहीं. संविधान दिवस पर की अहम टिप्पणी.
रांची. झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार की ओर से जवाब देते हुए SIR, MMDR संशोधन विधेयक और राज्यों को मिलने वाले अनुदान के मुद्दे पर अपनी बात रखी. संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश ने संविधान को अंगीकार किया था. संविधान की प्रस्तावना के शब्द ‘हम भारत के लोग’ सुनने में साधारण लगते हैं, लेकिन इनके मायने व्यापक हैं.
मुख्यमंत्री ने विपक्ष के सदन से वॉकआउट करने पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि आज विपक्ष राज्य के प्रति सहयोग का भाव दिखायेगा, लेकिन विपक्ष सदन से बाहर चला गया. उन्होंने कहा कि दो दिवसीय विशेष सत्र का अंतिम दिन संविधान दिवस के साथ पड़ना एक संयोग है.
‘हम भारत के लोग’ के मायने व्यापक
हेमंत सोरेन ने कहा कि संविधान को अंगीकार करने के दौरान भी प्रस्ताव लाया गया था. ‘हम भारत के लोग’ केवल शब्द नहीं हैं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की व्यापक भावना को व्यक्त करते हैं. उन्होंने कहा कि नागरिकों की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए. संविधान ने राज्य और आम नागरिकों को अधिकार और शक्तियां दी हैं. ऐसे में राज्य अपने संवैधानिक अधिकारों के तहत खुद को सुरक्षित करना चाहता है, तो इसमें गलत क्या है.
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार केंद्रीकृत व्यवस्था की ओर बढ़ रही है. उसे अच्छे-बुरे और सही-गलत से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने विपक्ष के रवैये पर चिंता जताते हुए कहा कि संवेदनशील विषयों पर सदन में विपक्ष की ऐसी स्थिति है, तो परिवार में कोई संवेदनशील विषय आने पर उनका व्यवहार कैसा होगा.
SIR का विरोध नहीं, काम करने के तरीके पर सवाल
SIR पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है और यहां की सामाजिक संरचना दूसरे राज्यों से अलग है. इसलिए SIR की प्रक्रिया में राज्य की स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखना जरूरी है. उन्होंने कहा कि 1949 में शिक्षा का स्तर आज की तुलना में काफी अलग था. उस दौर में बहुत कम लोग शिक्षित थे, लेकिन संविधान ने निरक्षर लोगों को भी मतदान का अधिकार दिया.
उन्होंने कहा कि संविधान ने ठेला चलाने वाले व्यक्ति और पूंजीपति के वोट का मूल्य समान रखा. सरकार ने इस लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व को समझा है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार SIR का विरोध नहीं कर रही है, बल्कि इसके काम करने के तरीके पर सवाल उठा रही है.
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में ऐसे गांव हैं, जहां के लोगों ने जिला कार्यालय तक नहीं देखा है. ऐसे इलाकों की परिस्थितियों को ध्यान में रखे बिना प्रक्रिया चलाना उचित नहीं है. सत्ता पक्ष ने दस्तावेजों के साथ अपनी बात रखी है. उनके पास भी ऐसे दस्तावेज हैं, जिनसे पता चलता है कि वास्तव में मौजूद और वैध मतदाताओं के नाम भी सूची से काटे गये हैं. उन्होंने स्थानीयता और जमीनी परिस्थितियों को ध्यान में रखने पर जोर दिया.
‘अनुदान हमारा अधिकार, भीख नहीं’
अनुदान के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अनुदान राज्य का अधिकार है, भीख नहीं. इसलिए राज्य को अनुदान देना पड़ेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुदान के तहत मिलने वाली राशि का अर्थ यह नहीं है कि राज्य के खजाने में अतिरिक्त पैसा आ रहा है. यह क्षतिपूर्ति की राशि है और क्षतिपूर्ति राज्य का अधिकार है.
MMDR संशोधन विधेयक पर केंद्र सरकार को घेरा
MMDR संशोधन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान पीठ के आदेश के बाद MMDR कानून लागू किया गया. उन्होंने दावा किया कि सरकार यह साबित करने में विफल रही है कि झारखंड की मांग जायज नहीं है. मुख्यमंत्री के अनुसार, कोर्ट से राहत मिलने के बाद जब क्षतिपूर्ति की मांग तेज हुई, तो कानून लाकर राज्य के हाथ बांधने की कोशिश की गयी.
उन्होंने MMDR संशोधन को देशहित के बजाय व्यापारियों के हित में बताया. साथ ही कहा कि झारखंड देश से बाहर नहीं है और राज्य देश के विकास में रोड़ा नहीं बनना चाहता. केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की केंद्र सरकार मजबूत सरकार नहीं, बल्कि मजबूर सरकार है.



