पतना प्रखंड में टीबी उन्मूलन की पहल: 60 टीबी मरीजों को जिला खनन पदाधिकारी ने गोद लिया और पोषण किट बांटी. जानें विस्तार से.
पतना. टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर बुधवार को पतना प्रखंड के 60 टीबी मरीजों को जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू ने गोद लिया. इस दौरान चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रहमान ने सभी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया. कार्यक्रम में मरीजों को नियमित दवा सेवन, पौष्टिक आहार और उपचार के दौरान सावधानी बरतने की जानकारी दी गयी.
टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी : डॉ रहमान
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रहमान ने कहा कि टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है. मरीज नियमित रूप से दवा का सेवन करें और पौष्टिक एवं संतुलित आहार लें. उपचार के दौरान दवा बीच में बंद नहीं करनी चाहिए. उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों को पोषण सहायता मिलने से उनके स्वास्थ्य में सुधार के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ेगा.
टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी
जिला यक्ष्मा विभाग के पीपीएम दिनेश कुमार ने निक्षय मित्र पहल की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने लोगों से टीबी मरीजों की सहायता के लिए निक्षय मित्र बनने की अपील की. साथ ही मरीजों के साथ भेदभाव नहीं करने और लक्षण दिखने पर जांच कराने का आग्रह किया.
कार्यक्रम में ये लोग रहे उपस्थित
मौके पर बीपीएम मधुसूदन महतो, संजय किस्कू, दीपक टुडू, कृपा सिंधु रजक, देवब्रत कुमार सहित प्रखंड की सभी सहिया उपस्थित थीं.



