कार्तिक पूर्णिमा पर राजमहल की उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था का सैलाब उमड़ा. हजारों भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की.
राजमहल (साहिबगंज): कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को राजमहल की उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सूर्यदेव गंगा घाट और गुदारा घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी. हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
दूर-दराज के जिलों से वाहनों से पहुंचे श्रद्धालु
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए गोड्डा, दुमका, बरहेट, बोरियो, बोआरीजोड़, ललमटिया, महागामा, बरहरवा, हिरणपुर और पाकुड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु राजमहल पहुंचे. कई श्रद्धालु अपने परिवार और समूह के साथ वाहन किराये पर लेकर यहां आए थे. स्नान के दौरान श्रद्धालु नदी में खड़े होकर घंटा बजाते हुए मां गंगा की आराधना करते नजर आए. पूरे घाट पर दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा.
सफाहोड़ और विदिन समाज ने की पारंपरिक पूजा
घाटों पर सफाहोड़ और विदिन समाज सहित अन्य समुदायों के लोगों की भी काफी भीड़ देखी गई. सफाहोड़ समाज के श्रद्धालुओं ने बताया कि प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर समाज के लोग राजमहल की उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान करने पहुंचते हैं. गंगा स्नान के बाद तट पर अखाड़ा बनाकर अपने धर्मगुरुओं के नेतृत्व में पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की जाती है. इस दौरान भगवान शिव और भगवान राम सहित अन्य देवी-देवताओं की आराधना कर अच्छी बारिश, धान की बेहतर पैदावार और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है.
त्रिपुरारी पूर्णिमा और देव दीपावली का विशेष महत्व
सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व है, जिसे त्रिपुरारी पूर्णिमा और देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन गंगा स्नान, दीपदान और दान-पुण्य करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है. इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया.



