झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर साहिबगंज के 4571 परिवारों को आवास योजनाओं के तहत पक्के मकान की सौगात मिली। इस दौरान जिले में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित कर लाभुकों को नए घर सौंपे गए।
साहिबगंज: झारखंड स्थापना दिवस को लेकर जिला प्रशासन की ओर से स्थापना पखवारा दिवस मनाया जा रहा है. इसी कड़ी में 15 नवंबर से 21 नवंबर तक जिले के सभी नौ प्रखंडों में गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. सभी प्रखंडों में पंचायतवार गृह प्रवेश बीडीओ के नेतृत्व में हो रहा है. प्रतिदिन गृह प्रवेश कार्यक्रम में प्रखंड व जिले के पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं.
चार योजनाओं के तहत कुल 4571 परिवारों को मिल रहा घर
डीडीसी सतीश चन्द्रा ने बताया कि साहिबगंज जिले में कुल 4571 गृह प्रवेश कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिले के नौ प्रखंडों में चार प्रमुख आवास योजनाओं के तहत लाभुकों को घर की चाबी सौंपी जा रही है:
- अबुआ आवास योजना में 2014 लाभुक.
- प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 1790 लाभुक.
- पीएम जनमन योजना में 667 लाभुक.
- बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना में 100 लाभुक.



