बाबूलाल मरांडी के सामने आरआर मरांडी ने समर्थकों के साथ थामा भाजपा का दामन।
बरहेट : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी बुधवार को बरहेट प्रखंड के झबरी मोड़ में आयोजित जनसभा में शामिल हुए. इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा से निष्कासित पूर्व प्रखंड अध्यक्ष आरआर मरांडी ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. बाबूलाल मरांडी ने उनका स्वागत किया.
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला
जनसभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है. प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
उन्होंने बीते दिनों भाजपा की ओर से आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा भाजपा नेता मंडल मुर्मू को रोके जाने की घटना की कड़ी निंदा की. मरांडी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक राजनीतिक दल को अपनी बात रखने और विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है. शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित पुतला दहन को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाये.
थाने के घेराव की दी चेतावनी
बाबूलाल मरांडी ने चेतावनी दी कि भविष्य में विपक्ष के लोकतांत्रिक कार्यक्रमों को रोकने या कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया, तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी. जरूरत पड़ने पर पार्टी कार्यकर्ता संबंधित थाने का घेराव करेंगे.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया. कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी.
ये नेता रहे मौजूद
मंच का संचालन जिला अध्यक्ष गौतम यादव और रामानंद साह ने किया. मौके पर सिदो-कान्हू के वंशज सह भाजपा नेता मंडल मुर्मू, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता लोबिन हेंब्रम, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी, अनंत ओझा, धर्मेंद्र सिंह, होपना मरांडी, माइकल मरांडी, बर्णवाश टुडू, सन्नी मरांडी, खगेन्द्र साह, रमिता तिवारी और विभीषण ठाकुर उपस्थित थे.



