साहिबगंज में छठ महापर्व की तैयारियों के तहत गंगा घाटों पर सुरक्षा, सफाई और सुविधाओं का जायजा लिया गया. जिला प्रशासन और नगर परिषद सक्रिय हैं.
साहिबगंज: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर साहिबगंज में तैयारियां तेज हो गई हैं. गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और नगर परिषद पूरी तरह सक्रिय हैं. इसी क्रम में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने डीसी दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह और अन्य पदाधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने घाटों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
नाव से बाबा घाट समेत कई प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत संत जेवियर्स स्कूल के नीचे स्थित बाबा घाट से हुई. यहां घाट की साफ-सफाई और गंगा की स्थिति का जायजा लिया गया. नगर परिषद के प्रशासक अभिषेक सिंह को बेहतर सफाई, व्यवस्थित बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया.
इसके बाद पंकज मिश्रा प्रशासनिक टीम के साथ नाव से विभिन्न घाटों के निरीक्षण पर निकले. टीम ने भगवान बिरसा मुंडा घाट, बिजली घाट, ओझा टोली घाट, चानन घाट और कबूतर खोपी घाट का जायजा लिया. इसके बाद टीम फेरी सेवा घाट पहुंची.
गाद हटाने, बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम के सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान पंकज मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त साफ-सफाई, गंगा में मजबूत बैरिकेडिंग और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया. इसके साथ ही भगवान बिरसा मुंडा घाट और बिजली घाट के किनारे जमा गाद को जल्द हटाने का भी निर्देश दिया गया.
गंगा कटाव रोकने के लिए डीएमएफटी फंड से बनेगी योजना
संत जेवियर्स स्कूल के पीछे गंगा कटाव की स्थिति पर डीसी दीपक कुमार दुबे ने चिंता जताई. उन्होंने कटाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए डीएमएफटी (DMFT) फंड से आवश्यक योजना तैयार करने पर विचार करने की बात कही, ताकि प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित किया जा सके.
श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना हमारी जिम्मेदारी: पंकज मिश्रा
इस मौके पर पंकज मिश्रा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है. मां गंगा की गोद में लाखों श्रद्धालु भगवान भास्कर और छठी मईया की आराधना करते हैं. ऐसे पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि साहिबगंज और आसपास के क्षेत्रों के छठव्रती बिना किसी परेशानी के पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ पर्व मना सकें.
उन्होंने दुर्गापूजा, दीपावली और काली पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन को बधाई दी. साथ ही जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया.
मौके पर नप प्रशासक अभिषेक सिंह, सीओ बास्कीनाथ टुडू सहित कई पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे.



