कड़मा टोला में महिला की मौत से सनसनी, बेटे को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बिंदावन पंचायत की घटना, पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेजा गया शव
तीनपहाड़। थाना क्षेत्र के बिंदावन पंचायत अंतर्गत कड़मा टोला गांव में एक घर से 47 वर्षीय आदिवासी महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतका की पहचान रणधीनी सोरेन के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर तीनपहाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की बेटी चुड़की बेसरा अपने पति के साथ कल्याणचक स्थित झंडी मेला से लौटकर मां के घर पहुंची थी। वहां उसने अपनी मां को खटिया पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद उसने आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। गांव के प्रधान के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत और एएसआई प्रदीप यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतका का अपने बेटे विष्णु बेसरा उर्फ हेपा बेसरा के साथ अक्सर विवाद होता था। इस विवाद को लेकर बीते महीने गांव के ग्रामीणों और प्रधान की मौजूदगी में पंचायत भी हुई थी। पुलिस ने मृतका के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इस संबंध में थाना प्रभारी गौरव भगत ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



