शादी का झांसा देकर विधवा से दुष्कर्म और मकान के नाम पर 4 लाख रुपये ठगने का गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
राजमहल. राजमहल थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक विधवा महिला का लंबे समय तक यौन शोषण करने और मकान बनाने के नाम पर चार लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिंटू कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
पति की मौत के बाद बढ़ाया संपर्क, शादी का दिया भरोसा
पीड़िता द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद वह अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी. इसी दौरान मधुसूदन कॉलोनी निवासी पिंटू कुमार का उसके मायके और ससुराल आना-जाना शुरू हुआ. आरोप है कि एक नवंबर 2021 की रात आरोपी उसके कमरे में घुस गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. विरोध करने और रोने पर उसने शादी करने का भरोसा दिया.
पंचायत में भी शादी का किया था वादा
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देकर उसका यौन शोषण करता रहा. वर्ष 2022 में ग्रामीणों के समक्ष हुई पंचायत में भी आरोपी ने मकान बनने के बाद शादी करने की बात कही थी. इसी भरोसे पर वह उसके साथ रहने लगी. इस दौरान आरोपी ने मकान निर्माण के नाम पर उससे धीरे-धीरे चार लाख रुपये ले लिए. पीड़िता ने मजदूरी करने, घास बेचने तथा गाय-बकरी बेचकर रुपये जुटाने की बात कही है.
मकान बनने के बाद शादी के वादे से मुकरा
आरोप है कि मकान बनने के बाद आरोपी शादी के वादे से मुकरने लगा. अक्टूबर 2026 में दुर्गापूजा से पूर्व वह पीड़िता के घर से चला गया. इसके बाद फोन पर संपर्क करने और वापस बुलाने का प्रयास करने पर उसने साथ रहने और शादी करने से साफ इनकार कर दिया.
प्राथमिकी दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद पीड़िता ने राजमहल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस ने राजमहल थाना कांड संख्या 394/26 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी पिंटू कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.



