साहिबगंज कॉलेज के योगेंद्र कुमार और सुनिधि कुमारी ने SKMU दीक्षांत समारोह में भूविज्ञान और राजनीति विज्ञान में विश्वविद्यालय टॉपर बनकर कॉलेज का नाम रोशन किया. राज्यपाल व विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित.
साहिबगंज. सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के दसवें दीक्षांत समारोह में साहिबगंज महाविद्यालय के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषयों में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है. दोनों विद्यार्थियों को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार एवं विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो द्वारा सम्मानित होने का अवसर मिला. इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है.
योगेंद्र कुमार और सुनिधि कुमारी ने हासिल किया विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्र 2024-26 के स्नातकोत्तर (पीजी) भूविज्ञान विभाग के विद्यार्थी योगेंद्र कुमार ने भूविज्ञान विषय में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया. वहीं, स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग की छात्रा सुनिधि कुमारी ने भी अपने विषय में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है. दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से साहिबगंज महाविद्यालय गौरवान्वित हुआ है.
प्राचार्य ने दी बधाई, कहा- अन्य विद्यार्थियों के लिए बनेंगे प्रेरणा

दोनों विद्यार्थियों की सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व और गौरव का क्षण है. विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी.
सीमित संसाधनों में भी विद्यार्थी कर रहे उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्राचार्य ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की वास्तविक पहचान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों से होती है. विश्वविद्यालय स्तर पर दो अलग-अलग विषयों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि साहिबगंज महाविद्यालय के विद्यार्थी सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं.
उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी शिक्षा, शोध और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह उत्कृष्ट योगदान देते रहें. प्राचार्य ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ संबंधित विभागों के शिक्षकों के मार्गदर्शन, निरंतर सहयोग और महाविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को भी दिया.
महाविद्यालय परिवार में खुशी की लहर
दो विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से साहिबगंज महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और विद्यार्थियों में खुशी की लहर है. महाविद्यालय परिवार ने दोनों टॉपर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की मंगलकामना की है.



