साहिबगंज.डिगरा पहाड़ के बांझी क्षेत्र में वन विभाग की कार्रवाई के दौरान सखुआ की लकड़ी से तैयार 40 चौखट और बिना नंबर प्लेट का एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है. अवैध लकड़ी के परिवहन एवं वन संपदा की तस्करी के विरुद्ध यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गयी. जब्त लकड़ी और ट्रैक्टर को वन परिसर लाकर मामले की जांच की जा रही है.
गुप्त सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम
जानकारी के अनुसार, अवैध रूप से लकड़ी के परिवहन की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डिगरा पहाड़, बांझी क्षेत्र में दबिश दी. इस दौरान टीम ने एक ट्रैक्टर जब्त किया. जांच में ट्रैक्टर पर सखुआ की लकड़ी से तैयार 40 पीस चौखट लदे मिले. खास बात यह रही कि जब्त ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी.
लकड़ी के स्रोत और तस्करी में संलिप्त लोगों की जांच
जब्त लकड़ी एवं ट्रैक्टर को वन परिसर लाया गया है. वन विभाग की ओर से लकड़ी के स्रोत, अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
इन वनकर्मियों की रही मौजूदगी
इस कार्रवाई में वन परिसर पदाधिकारी राणा रंजीत चौधरी, उप वन परिसर पदाधिकारी सुनील कुमार, श्री अंकित झा सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे.



