बोरियो। थाना क्षेत्र के जीरुल-कर्माटांड़ निर्माणाधीन पथ पर चपलगोड़ा गांव के समीप पुलिया निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान चलधोवा निवासी 45 वर्षीय चौल हेम्ब्रम के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में सड़क निर्माण कंपनी के संवेदक के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौल हेम्ब्रम बोरियो हटिया से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चपलगोड़ा गांव के समीप निर्माणाधीन पुलिया के गड्ढे में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बोरियो थाना के एसआई सिद्धार्थ शंकर टोप्पो घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल :
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कंपनी के संवेदक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर कई स्थानों पर पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन वहां चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। रात के अंधेरे में अनजान राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों के अनुसार, यदि निर्माणाधीन पुलिया के चारों ओर मिट्टी की घेराबंदी या अन्य सुरक्षा संकेत लगाए गए होते, तो इस तरह की दुर्घटना को रोका जा सकता था। लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और संवेदक की लापरवाही पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।



