साहिबगंज समेत आठ स्टेशनों पर होगा ठहराव, दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत
साहिबगंज। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने रेल यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। रेलवे की ओर से मालदा टाउन और शकूरबस्ती (दिल्ली) के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन का ठहराव साहिबगंज समेत आठ प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इससे साहिबगंज, बरहरवा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी।
रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 03439 मालदा टाउन-शकूरबस्ती स्पेशल 10 नवंबर (मंगलवार) को सुबह 10 बजे मालदा टाउन से रवाना होकर अगले दिन 11 नवंबर को शाम 5 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 03440 शकूरबस्ती-मालदा टाउन स्पेशल 11 नवंबर (बुधवार) को शाम 6:50 बजे शकूरबस्ती से रवाना होकर 13 नवंबर (शुक्रवार) को रात 1:45 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में इस ट्रेन का ठहराव न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर होगा। ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। रेलवे ने ट्रेन संख्या 03439 की टिकट बुकिंग की तारीख की घोषणा अभी नहीं की है। इसकी सूचना जल्द जारी की जाएगी।
इधर, रेल यात्रियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान स्पेशल ट्रेन चलने से यात्रियों को राहत मिलेगी। हालांकि यात्रियों की मांग है कि इस ट्रेन का परिचालन केवल त्योहार तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इसे नियमित रूप से चलाने पर भी रेलवे विचार करे। यात्रियों का कहना है कि मालदा-साहिबगंज-भागलपुर रेलखंड से दिल्ली के लिए ट्रेनों की सीमित उपलब्धता के कारण सामान्य दिनों में भी यात्रियों को परेशानी होती है। ऐसे में इस रूट पर अतिरिक्त ट्रेनों का नियमित परिचालन शुरू होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सालभर लाभ मिल सकता है।



