रांची-पूर्णिया कोर्ट के बीच रेलवे ने दीपावली और छठ के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई है. जानें इस नई ट्रेन का रूट, समय और कब तक चलेगी, ताकि आपकी यात्रा आसान हो.
दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पर बिहार और झारखंड के बीच सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष प्रबंध किया है. त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने रांची और पूर्णिया कोर्ट के बीच पूजा विशेष रेलगाड़ी चलाने का निर्णय लिया है. गाड़ी संख्या 08625/08626 रांची-पूर्णिया कोर्ट-रांची विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी. इससे झारखंड से सीमांचल आने वाले और पर्व समाप्त होने के बाद लौटने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.
रांची से शुक्रवार शाम और पूर्णिया कोर्ट से शनिवार दोपहर प्रस्थान
रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार:
- गाड़ी संख्या 08625 (रांची-पूर्णिया कोर्ट): 6 नवंबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को रांची से शाम 6:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन शनिवार सुबह 11:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.
- गाड़ी संख्या 08626 (पूर्णिया कोर्ट-रांची): 7 नवंबर से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को पूर्णिया कोर्ट से दोपहर 3:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रविवार सुबह 9:45 बजे रांची पहुंचेगी.
मार्ग के 18 प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया ठहराव
यह विशेष ट्रेन झारखंड और बिहार के कई प्रमुख शहरों को आपस में जोड़ेगी. यात्रा के दौरान इसका ठहराव मुरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, कतरासगढ़, धनबाद, चितरंजन, मधुपुर, देवघर, बांका, भागलपुर, सुलतानगंज, मुंगेर, खगड़िया, मानसी, सहरसा, मधेपुरा, मुरलीगंज और बनमनखी स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है. इन स्टेशनों पर ठहराव मिलने से अंग और कोसी-सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन का सीधा विकल्प मिलेगा.
22 कोच की होगी ट्रेन, व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे. इसमें एसी थ्री टियर (3AC) के 3 कोच, स्लीपर क्लास के 13 कोच, सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल) के 4 कोच और 2 एसएलआर (गार्ड सह लगेज वैन) शामिल रहेंगे. पूर्णिया कोर्ट के स्टेशन प्रबंधक सुजीत कुमार ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने वाणिज्य विभाग को इस विशेष ट्रेन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है, ताकि यात्री समय रहते अपनी यात्रा की योजना बनाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकें.



