रांची के तुपुदाना से 80 लाख रुपये की विदेशी शराब लदा ट्रक रहस्यमय तरीके से गायब हो गया. चालक का मोबाइल बंद है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रांची : राजधानी रांची के तुपुदाना स्थित अजंता बॉटलर्स एंड ब्लेंडर्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 80 लाख रुपये की विदेशी शराब से भरा एक ट्रक गायब हो गया. यह ट्रक बोकारो जा रहा था. ट्रक में रॉयल चैलेंज और मैकडॉवेल्स नंबर-1 ब्रांड की कुल 1100 पेटी शराब लोड थी. काफी खोजबीन के बाद भी ट्रक और चालक का कोई सुराग नहीं मिलने पर ट्रांसपोर्टर ने तुपुदाना ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है.
परमिट नहीं बनने पर फैक्ट्री के बाहर खड़ा किया गया था ट्रक
जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर एग्जीक्यूटिव दीपक कुमार सिंह ने ट्रक मालिक नागेंद्र सिंह और चालक पर शराब गायब करने की आशंका जतायी है. उनकी कंपनी बेलकम इंटरप्राइजेज का यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड के साथ शराब परिवहन का एकरारनामा है. ऑर्डर के तहत 1100 पेटी विदेशी शराब बोकारो स्थित जेएसबीसीएल भेजी जानी थी.
इसके लिए ट्रक संख्या JH01CA-8807 को 29 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे लोडिंग के लिए फैक्ट्री बुलाया गया था. ट्रक में शराब की लोडिंग पूरी होने के बाद परमिट जारी नहीं हो सका. बताया गया कि विभागीय पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण ऑनलाइन परमिट समय पर जनरेट नहीं हुआ. इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों के निर्देश पर ट्रक को फैक्ट्री के बाहर खड़ा करा दिया गया. चालक को 30 अक्टूबर को कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रक लेकर बोकारो रवाना होने को कहा गया था.
निर्धारित जगह पर नहीं मिला ट्रक, चालक का मोबाइल बंद
दीपक कुमार सिंह के अनुसार, 30 अक्टूबर की शाम करीब 4:45 बजे ट्रक को बोकारो भेजने के लिए कहा गया. कंपनी के प्रतिनिधि जीत कुमार जब ट्रक की तलाश में निर्धारित स्थान पर पहुंचे, तो वहां ट्रक नहीं मिला. आसपास काफी खोजबीन की गयी, लेकिन ट्रक का कोई पता नहीं चला. चालक के मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला.
चालक के परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि 30 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे उनसे आखिरी बार बात हुई थी. इसके बाद चालक का मोबाइल लगातार बंद है. ट्रांसपोर्टर ने आशंका जतायी है कि चालक और ट्रक मालिक की मिलीभगत से शराब गायब की गयी हो सकती है. हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
चालक की पत्नी ने भी थाने में दिया आवेदन
इधर, ट्रक चालक नागेंद्र सिंह की पत्नी अंबिका देवी (43) ने भी पति के लापता होने की शिकायत तुपुदाना ओपी में दी है. आवेदन के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे उनकी पति से बातचीत हुई थी. पति ने बताया था कि वह यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड के बाहर ट्रक खड़ा कर शराब लोड करवा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा था कि कंपनी की ओर से बताया गया है कि चालान उस दिन नहीं मिलेगा. 30 अक्टूबर से अब तक पति से कोई संपर्क नहीं हो पाया है.
80 लाख की शराब और ट्रक गायब, पुलिस कर रही जांच
एक ओर करीब 80 लाख रुपये की शराब लदा ट्रक गायब है, वहीं दूसरी ओर चालक का भी कोई सुराग नहीं मिल रहा है. पूरे मामले में पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रक और शराब कहां गायब हुए तथा इसके पीछे किन लोगों की भूमिका है. तुपुदाना ओपी प्रभारी सिद्धांत कुमार ने बताया कि ट्रक चालक और मालिक एक ही है. मामले की जानकारी ली जा रही है. इस संबंध में 31 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गयी है.



