छठ पूजा की ख़रीदारी के लिए साहिबगंज का गोड़ाबाड़ी हाट भक्तों से गुलज़ार रहा. सूप, डाला, नारियल समेत अन्य पूजन सामग्रियों की हुई जमकर ख़रीदी, ₹20 लाख का कारोबार.
साहिबगंज. छठ पूजा से पहले रविवार को साहिबगंज के साप्ताहिक हाट गोड़ाबाड़ी परिसर में रौनक रही. पूजा की तैयारी को लेकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सूप, डाला, नारियल, पीतल के बर्तन, मिट्टी के चूल्हे और पारंपरिक कपड़ों की जमकर खरीदारी की. हाट में लगभग 20 लाख रुपये की खरीदारी हुई.
सुबह से जुटने लगे खरीदार

छठ की खरीदारी के लिए करमटोला, रामपुर, महादेवगंज, बड़ी कोदरजन्ना, तालबन्ना, सकरीगली सहित शहर और दूरदराज के इलाकों से लोग पहुंचे. सुबह से ही हाट परिसर में खरीदारों की भीड़ लगी रही. खरीदारी के बाद लोग सिर पर डाला और सूप लेकर घर लौटते दिखे.
सूप, डाला और नारियल के ये रहे दाम
सूप-दउरा बेचने वाले दुकानदार अजय, अख्तर और ब्रजनंदन ने बताया कि सूप 100 से 140 रुपये जोड़ा बिक रहा था. डाला की कीमत 200 से 300 रुपये प्रति पीस रही, जबकि नारियल 100 से 120 रुपये जोड़ा के भाव से बिका.



