राजमहल में मरे कुत्ते को गंगा में बहाने गए 40 वर्षीय सकल रविदास की डूबने से मौत हो गई. ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने शव निकाला.
मंगलहाट. राजमहल थाना क्षेत्र के नमामि गंगे सीढ़ी घाट पर रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. गंगा नदी में मरे हुए कुत्ते को बहाने गए 40 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान राजमहल क्षेत्र के सरकंडा गांव निवासी सकल रविदास के रूप में हुई है. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.
मरे कुत्ते को ठिकाने लगाने के लिए जुटाया था चंदा.
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात सरकंडा चौक पर फोरलेन सड़क पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक कुत्ते की मौत हो गई थी. रविवार सुबह सकल रविदास ने मरे हुए कुत्ते को ठिकाने लगाने के लिए ग्रामीणों के घर-घर जाकर चंदा इकट्ठा किया. इसके बाद करीब सुबह नौ बजे वह कुत्ते को लेकर गंगा नदी स्थित नमामि गंगे सीढ़ी घाट पहुंचा.
कुत्ते को नदी में बहाने के बाद गहरे पानी में डूबा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ग्रामीणों के कहने पर सकल रविदास तैरते हुए मरे कुत्ते को गंगा नदी में दूर फेंकने चला गया. कुत्ते को बहाने के बाद वह तैरते हुए और बार-बार डुबकी लगाते हुए वापस लौट रहा था. इसी दौरान एक गहरी डुबकी लगाने के बाद वह पानी के ऊपर नहीं आया और नदी की गहराई में समा गया.
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद नदी से निकाला गया शव.
घाट पर स्नान कर रहे लोगों ने जब सकल को डूबते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया. आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की. करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 11:30 बजे सकल रविदास को अचेत अवस्था में नदी से बाहर निकाला गया. घाट पर ही एक ग्रामीण चिकित्सक ने उसकी जांच की और मृत घोषित कर दिया.
पत्नी और बच्चों को छोड़ गया सकल, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल.
सकल रविदास की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की पत्नी आरती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं. सकल अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गया है. परिजनों और ग्रामीणों की चीख-पुकार से पूरा गांव शोक में डूब गया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है. साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.



