पतना के मुकेश ठाकुर ने सोशल मीडिया से बनाई पहचान, विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत मध्य प्रदेश में सम्मानित हुए. उनकी प्रेरक कहानी.
पतना. सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले साहिबगंज जिले के पतना प्रखंड निवासी 20 वर्षीय मुकेश कुमार ठाकुर ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है. फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर वे पर्व-त्योहार, सामाजिक गतिविधियों, जनहित से जुड़े मुद्दों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाते हैं. उनके वीडियो को लोग काफी पसंद कर रहे हैं. इसी कार्य के आधार पर उनका चयन विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत मध्य प्रदेश भ्रमण के लिए किया गया.
झारखंड के 25 कंटेंट क्रिएटर्स में मिला स्थान.
विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत पूरे झारखंड से सोशल मीडिया पर सक्रिय 25 कंटेंट क्रिएटर्स का उनके वीडियो और कार्यों के आधार पर चयन किया गया था. इनमें साहिबगंज जिले के पतना प्रखंड निवासी मुकेश कुमार ठाकुर भी शामिल रहे. स्वर्गीय सरयुग ठाकुर के पुत्र मुकेश के लिए यह उपलब्धि खास रही.
जबलपुर के विधायक ने शॉल और स्मृति-चिह्न देकर किया सम्मानित.
मध्य प्रदेश पहुंचने पर मुकेश कुमार ठाकुर को उनके सोशल मीडिया कार्यों के लिए जबलपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिलाष पांडेय ने शॉल और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया. सामान्य परिवार से निकलकर इस तरह सम्मान मिलना उनके लिए गर्व का क्षण रहा.
मध्य प्रदेश की प्रमुख विकास परियोजनाओं का किया अवलोकन.
भ्रमण के दौरान मुकेश ने रीवा से सीधी को जोड़ने वाली मोहनिया टनल, जबलपुर स्थित डुमना एयरपोर्ट, 19.5 किलोमीटर लंबी जल सुरंग और मदन महल रेलवे स्टेशन के ऊपर बने करीब 193.5 मीटर लंबे सिंगल स्पैन केबल ब्रिज सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का अवलोकन किया. इस दौरान उन्हें मध्य प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास कार्यों को करीब से देखने का अवसर मिला.
जनसरोकार से जुड़े वीडियो बनाना जारी रखेंगे मुकेश.
मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि एक मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर मध्य प्रदेश पहुंचना और अपने सोशल मीडिया कार्यों के लिए सम्मानित होना उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक उपयोगी और जनसरोकार से जुड़ी जानकारी पहुंचाने का उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा.



