साहिबगंज की मां बायसी मंदिर में इस वर्ष मायापुर इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर आकर्षक पंडाल बनेगा. 10 लाख से अधिक के बजट, चंदननगर की विद्युत सज्जा और भव्य प्रतिमा मुख्य आकर्षण होंगे.
साहिबगंज. पुरानी साहिबगंज स्थित मां बायसी मंदिर प्रांगण में शनिवार को श्री श्री 108 काली पूजा समिति, मां बायसी स्थान की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई. इसमें समिति के अध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि इस वर्ष काली पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं. मंदिर परिसर में मायापुर इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर आकर्षक पंडाल बनाया जा रहा है. वहीं, विद्युत सज्जा और लाइटिंग के लिए बाहर से विशेष व्यवस्था की गई है. इस वर्ष पूजा का बजट 10 लाख रुपये से अधिक रखा गया है.
मायापुर इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर बनेगा पंडाल.
समिति के अध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि मां बायसी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां देश-विदेश से भक्त पहुंचते हैं. विदेशों से भी मंदिर और पूजा के लिए चंदा प्राप्त होता है. उन्होंने कहा कि इस वर्ष मां काली की प्रतिमा के साथ मायापुर इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर आकर्षक पंडाल बनाया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा.
चंदननगर की विद्युत सज्जा से जगमगाएगा मंदिर परिसर.
इस वर्ष काली पूजा के अवसर पर आकर्षक विद्युत सज्जा की विशेष व्यवस्था की जा रही है. इसके लिए चंदननगर से लाइटिंग मंगायी गयी है. मां काली की भव्य प्रतिमा, आकर्षक पंडाल और रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा पूजा के मुख्य आकर्षण रहेंगे.
10 लाख से अधिक का रखा गया है पूजा बजट.

समिति की ओर से बताया गया कि इस वर्ष काली पूजा के आयोजन पर 10 लाख रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है. पूजा और मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. समिति की ओर से मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने की तैयारी की जा रही है.
8 नवंबर की रात होगी पूजा, 11 को विसर्जन.
समिति के अनुसार मां काली की पूजा 8 नवंबर की रात्रि में विधि-विधान के साथ की जाएगी. वहीं, 11 नवंबर को मां की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा. पूजा को लेकर समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं.
प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष संजय यादव, सचिव देव कुमार ओझा उर्फ काला ओझा, कोषाध्यक्ष संतोष चौधरी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.



