लंबे इंतजार के बाद लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हुआ नई कार्यकारिणी का गठन, साहिबगंज की विभिन्न मस्जिदों से जुड़े कमेटी सदस्यों ने लिया हिस्सा
साहिबगंज। शहर के एलसी रोड स्थित बिस्मिल्लाह मैरिज हॉल में शनिवार को ईदगाह एवं कब्रिस्तान कमेटी की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। करीब 13 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद चुनाव कराए जाने से इस प्रक्रिया को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से कमेटी के चुनाव नहीं होने और कुछ लोगों के नियंत्रण में ही कमेटी का संचालन किए जाने को लेकर सवाल उठते रहे थे। आखिरकार चुनाव कराने की पहल हुई और साहिबगंज की विभिन्न मस्जिदों से जुड़े कमेटी सदस्यों की भागीदारी के बीच नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवनिर्वाचित कमेटी का कार्यकाल तीन वर्षों के लिए निर्धारित किया गया है।
चुनाव में अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। कुल 187 मतदाताओं में से 185 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि दो मतदाता मतदान नहीं कर सके। मतदान सुबह 8:45 बजे शुरू होकर 11:45 बजे तक चला। इसके बाद पर्यवेक्षकों की देखरेख में मतगणना शुरू हुई, जो दोपहर करीब 1:15 बजे पूरी हुई।
अध्यक्ष पद पर सरफराज आलम ने दर्ज की जीत :

अध्यक्ष पद पर सरफराज आलम ने 104 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी आजाद हुसैन को 78 और रफी समस को 2 मत मिले, जबकि एक मत रद्द हुआ। सचिव पद पर राशिद खान 78 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए। इकबाल अली को 56, ताज खान को 19 और मोहम्मद साकिर हुसैन को 29 मत मिले। इस पद के लिए दो मत रद्द हुए। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर मोहम्मद सफदर अली ने 119 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। मोहम्मद शमीम खान को 45 और मोहम्मद इरफान खान को 19 मत मिले। इस पद के लिए दो मत रद्द हुए।
पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई प्रक्रिया :
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर थाना के एसआई गुलाम सरवर, एसआई प्रकाश रंजन समेत प्रतिनियुक्त पुलिस बलों ने संभाली। पुलिस की सतर्कता के कारण मतदान से लेकर मतगणना तक कहीं कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। चुनाव में पर्यवेक्षक के रूप में मोहम्मद इरफान आलम, मोहम्मद अबताब आलम, मोहम्मद शाहिद इकबाल, मोहम्मद जमाल, मोहम्मद शमसाद आलम और मोहम्मद निजामुद्दीन मौजूद रहे।
परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समर्थकों ने बधाई दी। 13 वर्षों बाद चुनाव संपन्न होने से कमेटी के सदस्यों में नई कार्यकारिणी को लेकर उत्साह देखा गया।



