चंदननगर की आकर्षक विद्युत सज्जा और मां काली की प्रतिमा रहेगी विशेष आकर्षण, पूजा का बजट 10 लाख रुपये से अधिक
साहिबगंज। पुरानी साहिबगंज स्थित मां बायसी मंदिर परिसर में इस वर्ष काली पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। श्री श्री 108 काली पूजा समिति मां बायसी स्थान की ओर से शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष संजय यादव ने पूजा की तैयारियों और आयोजन की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मां बायसी स्थान में काली पूजा की शुरुआत वर्ष 1948 में हुई थी। यह स्थान धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन स्थल के रूप में भी पहचान रखता है। यहां देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं और विदेशों से भी पूजा के लिए सहयोग राशि प्राप्त होती है।
मायापुर इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर बनेगा पंडाल :
अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष पंडाल का निर्माण मायापुर स्थित इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर कराया जा रहा है। वहीं, चंदननगर से मंगाई गई आकर्षक विद्युत सज्जा पूरे परिसर को रोशन करेगी। मां काली की भव्य प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। इस वर्ष पूजा आयोजन का बजट 10 लाख रुपये से अधिक निर्धारित किया गया है।
8 नवंबर को पूजा, 11 नवंबर को विसर्जन :
समिति की ओर से बताया गया कि काली पूजा 8 नवंबर की रात्रि में होगी, जबकि 11 नवंबर को प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष व्यवस्था की जाएगी।
प्रेस वार्ता में समिति के सचिव देव कुमार ओझा उर्फ काला ओझा, कोषाध्यक्ष संतोष चौधरी, उपाध्यक्ष प्रयाग चौधरी एवं सुमित कुमार यादव सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।



