मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर उठाए सवाल, अवैध खनन और कथित घोटालों पर भी सरकार को घेरा
बरहेट। लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण के क्रम में बरहेट पहुंचे। यहां भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष भारती के आवास पर उन्होंने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधा।
मरांडी ने कहा कि बरहेट मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र है और यहां से वे तीन बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, इसके बावजूद क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर विकास के बजाय प्रचार पर अधिक ध्यान देने का आरोप लगाया। पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सफर और विधानसभा क्षेत्र बदलने को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने राज्य में शिक्षा विभाग के कार्यकाल में कथित घोटालों, गिट्टी-बालू और कोयले के अवैध कारोबार का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। मरांडी ने आरोप लगाया कि अवैध खनन से जुड़े कारोबार में प्रभावशाली लोगों की भूमिका है। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा के कुछ नेताओं के झारखंड आंदोलन में योगदान को लेकर भी सवाल खड़े किए।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष भारती, मंडल मुर्मू, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री कामेश्वर दास, मंडल महामंत्री अविनाश वर्मा, लड्डू भगत, जयंत मंडल, सबल ठाकुर, मिथुन तुरी, बोलाय दास सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।



