185 मतदाताओं ने किया मतदान, नगर थाना पुलिस की कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई चुनावी प्रक्रिया
साहिबगंज। शहर के एलसी रोड स्थित बिस्मिल्लाह मैरिज हॉल में शनिवार को ईदगाह एवं कब्रिस्तान कमेटी की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव संपन्न हुआ। अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में कुल 187 मतदाताओं में से 185 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि दो मतदाता मतदान नहीं कर सके। मतदान प्रक्रिया सुबह 8:45 बजे शुरू हुई और 11:45 बजे तक चली। इसके बाद पर्यवेक्षकों की देखरेख में मतगणना शुरू हुई, जो दोपहर करीब 1:15 बजे पूरी हुई।
अध्यक्ष पद पर सरफराज आलम ने 104 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। आजाद हुसैन को 78 और रफी समस को 2 मत मिले, जबकि एक मत रद्द हुआ। सचिव पद पर राशिद खान ने 78 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। इकबाल अली को 56, ताज खान को 19 और मोहम्मद साकिर हुसैन को 29 मत मिले। इस पद के लिए दो मत रद्द हुए। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर मोहम्मद सफदर अली ने 119 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। मोहम्मद शमीम खान को 45 और मोहम्मद इरफान खान को 19 मत मिले। इस पद के लिए दो मत रद्द हुए।

चुनाव में पर्यवेक्षक के रूप में मोहम्मद इरफान आलम, मोहम्मद अबताब आलम, मोहम्मद शाहिद इकबाल, मोहम्मद जमाल, मोहम्मद शमसाद आलम और मोहम्मद निजामुद्दीन मौजूद रहे। गौरतलब है कि कमेटी की कार्यकारिणी का चुनाव प्रत्येक तीन वर्ष में कराया जाता है। इस बार कुछ महीने विलंब से चुनाव हुआ, लेकिन आखिरकार नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समर्थकों ने बधाई दी।

नगर थाना पुलिस की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण रहा चुनाव
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर थाना के एसआई गुलाम सरवर, एसआई प्रकाश रंजन समेत प्रतिनियुक्त अन्य पुलिस बलों ने संभाली। पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी में मतदान से लेकर मतगणना तक पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। आमतौर पर छोटे स्तर के चुनावों में भी मतभेद और हंगामे की आशंका बनी रहती है, लेकिन पुलिस प्रशासन की सतर्कता और मुस्तैदी के कारण कहीं कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना पुलिस प्रशासन के लिए भी सराहनीय रहा।



