समस्तीपुर के मुसरीघरारी चौराहा पर दिनदहाड़े एक अधेड़ से बैंक से निकाले गए चार लाख रुपये लूट लिए गए। डायल 112 की गाड़ी पास होने के बावजूद बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, जिससे पुलिस सुरक्षा पर सवाल उठ गए हैं।
सरायरंजन (समस्तीपुर)। मुसरीघरारी चौराहा पर शुक्रवार को दिनदहाड़े चार लाख रुपये की लूट की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है।
पुराना थाना के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने बैंक से रुपये निकालकर आटो का इंतजार कर रहे अधेड़ से रुपये से भरे झोले को लूट लिया।
हैरानी की बात यह कि घटनास्थल से महज 10 कदम की दूरी पर डायल 112 की गाड़ी खड़ी थी, फिर भी बदमाश बेखौफ वारदात कर पुलिस के सामने से ही सातनपुर की ओर फरार हो गए।
पीड़ित बरबट्टा निवासी सतहू रजक का पुत्र संतोष रजक है। उन्होंने मुसरीघरारी थाने में लिखित आवेदन दिया है।
आवेदन के अनुसार, शुक्रवार शाम 3.50 बजे संतोष ने पहले स्टेट बैंक से दो लाख और फिर यूनियन बैंक से दो लाख रुपये निकाले। कुल चार लाख रुपये झोले में रखकर वे पैदल पुराने थाना के पास पहुंचे और आटो पकड़ने के लिए खड़े थे।
तभी बाइक पर सवार दो युवक आए। पीछे बैठे युवक ने उनके हाथ से झोला छीनने की कोशिश की। संतोष ने हिम्मत दिखाते हुए झोला मजबूती से पकड़ लिया। बाइक आगे बढ़ती रही और वे झोला पकड़े काफी दूर तक बदमाशों के साथ घिसटते रहे।
जब झोला नहीं छूटा तो पीछे बैठे बदमाश ने पैर से प्रहार किया और बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। आखिरकार झोला छूट गया और बदमाश रुपये लेकर फरार हो गए। संतोष मुंबई में रहते हैं। वहां कारपेंटर का काम करते हैं। अभी छठ को लेकर घर आये थे। आवश्यक कार्यवश पैसे की निकासी की।
पुलिस के सामने से भागे बदमाश
घटना के बाद पीड़ित दौड़कर 10 कदम आगे खड़ी डायल 112 की गाड़ी के पास पहुंचा और पूरी बात बताई। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाश डायल 112 की गाड़ी के सामने से ही पूर्व दिशा में भागे।
बैंक के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग
व्यस्त चौराहे और पुराने थाना के पास दिनदहाड़े लूट से लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि बैंक से निकलने वालों को टारगेट किया जा रहा है।
बैंक परिसर और चौराहों पर गश्ती व सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिला है, मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।



